झारखण्ड

टाटा स्टील के टिनप्लेट प्लांट में दर्दनाक हादसा, हाइड्रोलिक मशीन की चपेट में आया 27 वर्षीय संविदा कर्मचारी; मौके पर मौत

जमशेदपुर: टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन परिसर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक हाइड्रोलिक मशीन की चपेट में आने से संविदा कर्मचारी करण कुमार की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक 27 वर्षीय करण बिहार के सारण का रहने वाला था और एक निजी कंपनी में काम करता था।

मोबाइल एलिवेटेड वर्क प्लेटफॉर्म इकाई में हुआ हादसा

गोलमुरी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि करण कुमार ‘मोबाइल एलिवेटेड वर्क प्लेटफॉर्म’ इकाई में काम कर रहा था। इसी दौरान वह हाइड्रोलिक मशीन की चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखा है। थाना प्रभारी के अनुसार शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

टाटा स्टील ने जताया दुख, जांच शुरू

हादसे के बाद टाटा स्टील ने कर्मचारी के निधन पर दुख जताया है। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना टिनप्लेट परियोजना स्थल पर ‘मोबाइल एलिवेटेड वर्क प्लेटफॉर्म’ के रखरखाव कार्य के दौरान हुई। कंपनी ने कहा कि वह इस हादसे से बेहद दुखी है और घटना की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button