व्यापार

महंगी होंगी दालें! वैश्विक बाजार में बढ़े भाव, भारत में भी असर शुरू; उड़द-तुअर से चने तक के दाम चढ़े

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में दालों की कीमतों में तेजी का असर अब भारत के घरेलू बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। वैश्विक स्तर पर आयात लागत बढ़ने के साथ देश में कमजोर मानसून के कारण पैदावार घटने की आशंका ने दालों के बाजार पर दबाव बढ़ा दिया है। आईग्रेन इंडिया के अनुसार, ब्राजील से भारत आने वाली ग्रेड-1 उड़द की कीमत 950 डॉलर प्रति टन से बढ़कर 960 डॉलर प्रति टन हो गई है। वहीं, म्यांमार एसक्यू का भाव भारत के लिए 965 डॉलर प्रति टन पहुंच गया है।

ऑस्ट्रेलियाई चने से तुअर तक के भाव बढ़े

ऑस्ट्रेलियाई चने की कीमत बांग्लादेश, भारत, नेपाल और पाकिस्तान के लिए 25 डॉलर प्रति टन बढ़ी है। ऑस्ट्रेलिया से भारत के लिए चने का भाव 685 डॉलर प्रति टन हो गया है। वहीं, तंजानिया से पाकिस्तान के लिए भाव 9 फीसदी बढ़कर 700 डॉलर प्रति टन पहुंच गया है।

मोजांबिक की गजरा तुअर की कीमत भारत के लिए 7 फीसदी बढ़कर 760 डॉलर प्रति टन हो गई है। मलाविया रेड तुअर का भाव 675 डॉलर प्रति टन और म्यांमार लेमन-टाइप तुअर का भाव 3 फीसदी बढ़कर 895 डॉलर प्रति टन पहुंच गया है।

कनाडाई पीली मटर का भाव भारत के लिए 2 फीसदी बढ़कर 425 डॉलर प्रति टन हो गया है। वहीं, कनाडाई मटर के लिए बांग्लादेश का भाव 5 फीसदी बढ़कर 485 डॉलर प्रति टन दर्ज किया गया है।

भारतीय चावल का निर्यात भाव भी एक साल के उच्चतम स्तर पर

भारतीय चावल के निर्यात भाव में भी इस सप्ताह तेजी देखने को मिली है। 5 फीसदी टूटे हुए पारबॉइल्ड चावल की कीमत बढ़कर 371-377 डॉलर प्रति टन हो गई, जबकि पिछले सप्ताह यह 369-375 डॉलर प्रति टन थी। वहीं, 5 फीसदी टूटे सफेद चावल का भाव 368-373 डॉलर प्रति टन रहा।

Related Articles

Back to top button