टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी की छत से गिरकर मौत, बेटी को मुंबई छोड़ने के बाद तनाव में थे संदीप पाल; पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में टाटा स्टील के मर्चेंट मिल के पूर्व अधिकारी संदीप पाल की बहुमंजिला इमारत की छत से गिरने से मौत हो गई। घटना बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 की है। संदीप पाल सोमवार सुबह अपने फ्लैट से निकलकर छत पर गए थे, इसी दौरान वह नीचे गिर गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बेटी को मुंबई छोड़ने के बाद तनाव में थे
बताया जा रहा है कि संदीप पाल पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। करीब 15 दिन पहले वह अपनी बेटी का मुंबई के एक कॉलेज में दाखिला कराने के बाद जमशेदपुर लौटे थे। परिजनों के मुताबिक, बेटी को मुंबई में छोड़ने के बाद वह उसकी सुरक्षा और वहां के माहौल को लेकर लगातार चिंतित रहते थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय शंकर हेंब्रम घर में सो रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदीप पाल छत से किन परिस्थितियों में नीचे गिरे।
घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



