झारखण्डराज्य

झारखंड में मिशनरी स्कूल के प्रिंसिपल पर दुष्कर्म का आरोप, 5 महीने तक महिला का किया यौन शोषण

गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में एक निजी मिशनरी स्कूल के प्रधानाचार्य पर 40 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगा है। पीड़िता स्कूल के प्रधानाचार्य के घर में रसोइये के तौर पर काम करती थी। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने रविवार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर करीब चार से पांच महीने तक महिला का यौन शोषण किया। इस दौरान महिला गर्भवती हो गई।

घर में रसोइये का काम करती थी पीड़िता

पुलिस के अनुसार, मामला सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता आरोपी प्रधानाचार्य के घर में खाना बनाने का काम करती थी, जबकि उसका पति स्कूल के बच्चों के लिए भोजन तैयार करता था।

सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी विधानचंद्र पटेल ने बताया कि मिशनरी स्कूल के प्रधानाचार्य थॉमस सोरेन (32) के खिलाफ महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता को सोमवार को चिकित्सकीय जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।

गर्भपात की गोलियां खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर चार से पांच महीने तक महिला का यौन शोषण किया। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि इसके बाद प्रधानाचार्य ने उसे गर्भपात की गोलियां दीं। गोलियां खाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

बच्चे को स्कूल से निकालने और नौकरी छीनने की धमकी

एक अन्य अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने महिला को घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके बच्चे को स्कूल से निकालने और महिला व उसके पति दोनों को नौकरी से हटाने की धमकी दी थी। पुलिस अब इन आरोपों की विस्तृत जांच कर रही है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी प्रधानाचार्य फरार बताया जा रहा है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Back to top button