अन्तर्राष्ट्रीय

हूतियों का बड़ा दावा, यमन के आसमान में सऊदी अरब का F-15 फाइटर जेट गिराया; 2 और विमानों को निशाना बनाने की बात

नई दिल्ली: यमन में हूतियों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच सैन्य तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी बीच हूतियों ने दावा किया है कि उनकी सेना ने यमन के मारिब गवर्नरेट के आसमान में सऊदी अरब के F-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक, यह विमान हूतियों के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियान के दौरान हवाई हमले के लिए पहुंचा था।

याह्या सरी ने दावा किया कि सऊदी F-15 मारिब इलाके में हूतियों के ठिकानों के खिलाफ हवाई कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान हूती बलों ने उसे निशाना बनाया। उनके मुताबिक, विमान को स्थानीय स्तर पर विकसित सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से गिराया गया। F-15 लड़ाकू विमान सऊदी अरब ने अमेरिका से खरीदा था।

माउंट हेलान के पास विमान गिरने का दावा

अल जजीरा ने हूती सूत्रों के हवाले से बताया कि कथित तौर पर गिराया गया विमान मारिब के उत्तर-पश्चिम में माउंट हेलान के पास गिरा। हालांकि, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से हूतियों के इस दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। ऐसे में फिलहाल सऊदी F-15 को मार गिराए जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

हूतियों ने यह भी दावा किया कि विमान गिराए जाने के बाद उसके मलबे की तलाश में पहुंचे 2 अन्य सऊदी F-15 लड़ाकू विमानों को भी उनके लड़ाकों ने निशाना बनाया। हूती प्रवक्ता के मुताबिक, इन दोनों विमानों के साथ भी उनकी सेना की भिड़ंत हुई।

एक हफ्ते में 450 से ज्यादा हवाई हमलों का दावा

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने पिछले एक सप्ताह के दौरान सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से किए गए हवाई हमलों का भी दावा किया। उनके मुताबिक, इस दौरान सऊदी लड़ाकू विमानों ने यमन के अलग-अलग इलाकों में 450 से ज्यादा हवाई हमले किए।

हूतियों के मुताबिक, इन हमलों में ताइज, लहज, अल-जौफ, हज्जाह, मारिब, सादा और अल-बायदा को निशाना बनाया गया। हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि इन हवाई हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने की घटनाएं भी हुई हैं।

हूती बोले- हवाई क्षेत्र की रक्षा के लिए कार्रवाई जारी रहेगी

हूतियों ने कहा है कि यमन के हवाई क्षेत्र और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए उनकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। याह्या सरी ने कहा कि उनकी सेना किसी भी हमले या हवाई क्षेत्र के उल्लंघन का उपलब्ध सभी तरीकों से मुकाबला करेगी।

यमन में हूतियों और सऊदी समर्थित बलों के बीच जमीनी और हवाई टकराव बढ़ने के बीच यह दावा सामने आया है। हूतियों की ओर से बढ़ते हमलों के बीच सऊदी अरब भी अपने सैन्य अभियान तेज कर रहा है। ऐसे में F-15 लड़ाकू विमान गिराए जाने का हूतियों का दावा दोनों पक्षों के बीच जारी सैन्य तनाव को और सामने लाता है।

Related Articles

Back to top button