बिहारराज्य

बिहार की बाढ़ से भारी नुकसान, केंद्र देगा सम्राट सरकार का साथ; शिवराज बोले- हर संभव मदद करेगी मोदी सरकार

पटना: बिहार में बाढ़ से करीब 50 लाख की आबादी प्रभावित है। बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम बुधवार को बिहार पहुंची। पटना पहुंचने के बाद शिवराज सिंह चौहान हाजीपुर गए, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। इसके बाद तेरसिया और सरायपुर गांव में बोट से पहुंचकर बाढ़ की स्थिति देखी और प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी जायजा लिया। दोनों नेताओं ने बाढ़ से हुए नुकसान और फसल क्षति की स्थिति देखी। इस दौरान किसानों और बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनकी परेशानियों की जानकारी ली गई।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत देने की शुरुआत की थी। प्रभावित लोगों के बैंक खातों में सात-सात हजार रुपये की राहत राशि भेजी गई थी। अब केंद्रीय टीम बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है।

केंद्र सरकार बिहार के साथ खड़ी: शिवराज

बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य सरकार राहत और सहायता के काम में जुटी हुई है। प्रभावित लोगों के लिए भोजन वितरण की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी तरफ से जो संभव है, वह कर रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार भी बिहार के लोगों को इस संकट से बाहर निकालने के लिए काम करेगी। बाढ़ से सड़कों और मकानों को जो नुकसान हुआ है, उसका आकलन कराया जाएगा और प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार सरकार के साथ मिलकर बिहार के लोगों को हर संभव सहायता देगी।

मुंगेर और भागलपुर भी जाएंगे सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जो भी सहायता संभव है, उस पर लगातार चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने यहां की स्थिति देखी है और आगे मुंगेर तथा भागलपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी दौरा किया जाएगा।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक भी की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केंद्रीय टीम बिहार भेजने के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के बाद प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने का काम किया जाएगा।

बाढ़ और फसल नुकसान का होगा आकलन

केंद्रीय टीम के बिहार दौरे में बाढ़ प्रभावित इलाकों के साथ-साथ फसलों को हुए नुकसान की भी जानकारी जुटाई जा रही है। हाजीपुर और राघोपुर के बाद टीम राज्य के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी स्थिति का जायजा लेगी। इसका मकसद बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों की स्थिति की जानकारी जुटाना है।

Related Articles

Back to top button