सऊदी अरब को हूतियों का बड़ा झटका? F-15 फाइटर जेट गिराने का किया दावा

नई दिल्ली: यमन में हूतियों और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच सैन्य तनाव बढ़ता जा रहा है। हूतियों ने दावा किया है कि उनकी सेना ने यमन के मारिब गवर्नरेट के आसमान में सऊदी अरब के F-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक, यह विमान उनके खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियान के दौरान हवाई हमला करने पहुंचा था।
याह्या सरी ने दावा किया कि सऊदी F-15 मारिब क्षेत्र में हूती ठिकानों के खिलाफ हवाई कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान हूती बलों ने उसे निशाना बनाया। उनके अनुसार, विमान को स्थानीय स्तर पर निर्मित सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से गिराया गया। यह F-15 लड़ाकू विमान सऊदी अरब ने अमेरिका से खरीदा था।
मिसाइल हमले के बाद मलबे की तलाश में पहुंचे दो और F-15
अल जजीरा ने हूती सूत्रों के हवाले से बताया कि लड़ाकू विमान मारिब के उत्तर-पश्चिम में माउंट हेलान के पास गिरा। हालांकि, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से हूतियों के इस दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में F-15 को गिराए जाने के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
हूतियों ने यह भी दावा किया कि विमान के गिरने के बाद उसके मलबे की तलाश में पहुंचे दो अन्य सऊदी F-15 लड़ाकू विमानों को भी उनके लड़ाकों ने निशाना बनाया। हूती प्रवक्ता के अनुसार, इन दोनों विमानों के साथ भी उनकी सेना की मुठभेड़ हुई।
एक हफ्ते में 450 से ज्यादा हवाई हमलों का दावा
हूती सैन्य प्रवक्ता ने पिछले एक सप्ताह के दौरान सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से किए गए हवाई हमलों के बारे में भी दावा किया। याह्या सरी के मुताबिक, इस अवधि में सऊदी लड़ाकू विमानों ने यमन के अलग-अलग हिस्सों में 450 से अधिक हवाई हमले किए।
हूतियों के अनुसार, इन हमलों में ताइज, लहज, अल-जौफ, हज्जाह, मारिब, सादा और अल-बायदा समेत कई इलाकों को निशाना बनाया गया। हूती प्रवक्ता ने दावा किया कि इन हवाई हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने की घटनाएं भी हुई हैं।
हूती बोले- हवाई क्षेत्र की रक्षा के लिए जारी रहेगी कार्रवाई
हूतियों ने कहा है कि यमन के हवाई क्षेत्र और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए उनकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। याह्या सरी ने कहा कि उनकी सेना किसी भी हमले या हवाई क्षेत्र के उल्लंघन का उपलब्ध सभी तरीकों से मुकाबला करेगी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब यमन में हूतियों और सऊदी समर्थित बलों के बीच जमीनी और हवाई संघर्ष बढ़ने का दावा किया जा रहा है। हूतियों के हमलों के बीच सऊदी अरब की ओर से भी सैन्य अभियान तेज किए जाने की बात कही गई है। ऐसे में F-15 लड़ाकू विमान को गिराए जाने का हूतियों का दावा दोनों पक्षों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव को सामने लाता है।



