
नवादा: रेल पुलिस में तैनात एक महिला सिपाही ने बिहार पुलिस मेन्स एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला सिपाही का आरोप है कि वर्ष 2017 से दिनेश कुमार उसके संपर्क में थे और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालते थे। प्राथमिकी में गर्भपात की दवा देने, धमकी देने और मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
महिला सिपाही के अनुसार, उसने जुलाई 2015 में नवादा में सिपाही पद पर योगदान दिया था। उस समय दिनेश कुमार बिहार पुलिस मेन्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष थे। आरोप है कि अक्टूबर 2017 से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और इसके बाद दिनेश कुमार ने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का दबाव बनाया।
2019 में गर्भवती होने का आरोप
महिला सिपाही ने प्राथमिकी में बताया है कि वर्ष 2019 में वह गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि उस दौरान दिनेश कुमार ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का भरोसा दिया। इसी दौरान उसे गर्भपात की दवा दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
महिला सिपाही का आरोप है कि दिनेश कुमार फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ संबंध बनाते रहे। वर्ष 2025 में उसे जानकारी मिली कि दिनेश कुमार पटना में अपनी पत्नी के साथ रह रहे हैं। इसके बाद वह 4 और 5 मार्च 2026 को गांधी मैदान के पास स्थित सरकारी क्वार्टर नंबर-5 में उनसे मिलने पहुंची।
महिला के अनुसार, उसने दिनेश कुमार से पत्नी से तलाक की प्रति मांगी और शादी करने की बात कही। आरोप है कि इस पर दिनेश कुमार और उनके भाई ने उसके साथ मारपीट की और शादी करने में असमर्थता जताई। महिला थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
बहन के घर से 12 लाख के गहने चोरी का आरोप, महिला गिरफ्तार
इधर, पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के अल्कापुरी में बहन के घर से करीब 12 लाख रुपये के गहने चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दिल्ली निवासी फरजाना खातून को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, फरजाना अपनी बेटी के साथ मां की चालसी में शामिल होने के लिए दिल्ली से अल्कापुरी आई थी।
पुलिस के मुताबिक, फरजाना की बड़ी बहन शाबाना ने अपनी बेटी की शादी के लिए गहने बनवाए थे। जांच के दौरान बैग से शाबाना की दो कान की बालियां बरामद हुईं, जबकि अन्य जेवरात बरामद नहीं हो सके।
बेटी की भूमिका की भी जांच
शाबाना ने अपनी बहन पर गहने चोरी करने का आरोप लगाते हुए गर्दनीबाग थाने में आवेदन दिया था। थानेदार प्रमोद कुमार के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज करने के बाद फरजाना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान वह चोरी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी और पुलिस के सवालों को टालती रही। पुलिस अब इस मामले में फरजाना की बेटी की भूमिका की भी जांच कर रही है।



