
अमृतसर: अमृतसर के थाना गेट हकीमा क्षेत्र की दाना मंडी में देर रात कुछ युवकों ने थाना गेट हकीमा में तैनात एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिसकर्मी की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की टीमें भगतांवाला दाना मंडी पहुंचीं।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने एएसआई हरजीत सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वारदात किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह थी।
आरोपियों की तलाश में जांच तेज
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एएसआई हरजीत सिंह पर गोली चलाने वाले युवक कौन थे और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटनास्थल से जुड़े पहलुओं को खंगाल रही है।
डीजीपी गौरव यादव पहुंचेंगे अमृतसर
एएसआई हरजीत सिंह की हत्या की सूचना मिलने के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव भी जल्द ही अमृतसर पहुंच रहे हैं। उनके अमृतसर पहुंचने के बाद मामले की जांच और पुलिस कार्रवाई को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।



