
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 17 साल की नाबालिग किशोरी का शव कुशक रोड के पास एक सुनसान मैदान में मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या से पहले किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि की है। मामले में पुलिस ने एक बालिग आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें 16 से 17 साल की उम्र के तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
13 सितंबर को मिला था किशोरी का शव
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की सुबह कुशक रोड के पास खाली पड़े मैदान में एक लड़की का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को शुरुआती तौर पर मृतका की पहचान नहीं हो सकी। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आया कि हत्या से पहले किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था।
इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या और दुष्कर्म की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालीं
जांच के दौरान पुलिस ने कुशक रोड और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान एक टेम्पो संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके में आता-जाता दिखाई दिया। अंधेरा और कम दृश्यता होने के कारण शुरुआत में टेम्पो का पंजीकरण नंबर साफ नहीं हो सका।
इसके बाद जांच टीम ने संदिग्ध रूट पर टेम्पो की आवाजाही को ट्रैक किया और 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। पुलिस को आखिरकार खड्डा कॉलोनी में एक संदिग्ध टेम्पो खड़ा मिला।
ड्राइवर से पूछताछ के बाद खुला पूरा मामला
पुलिस ने टेम्पो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस को वारदात से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। मामले में कुल चार लोगों को पकड़ा गया है। इनमें शिवम उर्फ सुदामा बालिग आरोपी है, जबकि तीन अन्य की उम्र 16 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है और वे कानूनन नाबालिग हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो, दो चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पीड़िता और एक नाबालिग आरोपी पहले से परिचित
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक नाबालिग और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी को सुनसान मैदान तक किस तरह लाया गया और वारदात में प्रत्येक आरोपी की क्या भूमिका थी।पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



