सागर जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई, 30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराब कांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। मनीष पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके साथ आशीष साहू नाम के एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। मुठभेड़ मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया सेसई रोड घाटी पर हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने पहुंची टीम के सामने दोनों तरफ से गोलीबारी की स्थिति बन गई। इस दौरान मनीष लोधी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। वहीं पुलिस से बचकर भागने की कोशिश के दौरान उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके की तलाशी ली, जहां से दो देशी कट्टे, पांच खाली राउंड और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया गया।
दोनों घायल आरोपियों को अस्पताल भेजा गया
मुठभेड़ में घायल मनीष लोधी और आशीष साहू को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब दोनों से मामले को लेकर पूछताछ की जाएगी।
बंडा जहरीली शराब मामले में तीसरी मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बंडा जहरीली शराब कांड से जुड़े आरोपियों को पकड़ने के दौरान यह तीसरी मुठभेड़ है। इससे पहले भी इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की मुठभेड़ हो चुकी है।
पुलिस मनीष लोधी को इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल मान रही थी और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब उसके पकड़े जाने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।
अवैध शराब नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अलग-अलग आरोपियों की क्या भूमिका रही है। पुलिस के मुताबिक जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
जहरीली शराब कांड को लेकर इलाके में लगातार चर्चा बनी हुई है। पुलिस अब मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क और आरोपियों की भूमिका की जांच पर फोकस कर रही है।



