दिल्लीराज्य

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बनेगा 3 लिफ्ट वाला एफओबी, 13 करोड़ की लागत; एक साल में होगा तैयार

गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर विजय नगर के पास तीन लिफ्ट वाला फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया जाएगा। मंगलवार को सांसद अतुल गर्ग और शहर विधायक संजीव शर्मा ने इसके निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। करीब 110 मीटर लंबे इस एफओबी का निर्माण एक साल में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बनने के बाद विजय नगर से कृष्णा नगर-बागू आने-जाने वाले लोगों को एक्सप्रेसवे पार करने में सुविधा होगी।

विजय नगर में एफओबी बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अभी लोगों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच एक्सप्रेसवे पैदल पार करना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। शहर विधायक संजीव शर्मा ने एफओबी निर्माण के लिए एनएचएआई को प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई।

दो लिफ्ट विजय नगर और एक बागू की तरफ

एनएचएआई के अधिकारी के अनुसार, एफओबी करीब 110 मीटर लंबा होगा और इसमें तीन लिफ्ट लगाई जाएंगी। इनमें दो लिफ्ट विजय नगर की ओर और एक लिफ्ट बागू की तरफ होगी। परियोजना पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा और इसे एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।

एफओबी बनने से विजय नगर, कृष्णा नगर, बागू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एक्सप्रेसवे पार करने के लिए सुरक्षित रास्ता मिलेगा।

सांसद बोले- तालमेल से विकास कार्यों में आती है तेजी

शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि सांसद, विधायक और पार्षद के बीच बेहतर तालमेल होने से विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि विजय नगर के लोग वर्ष 2021-22 से एफओबी की मांग कर रहे थे और विधायक के प्रयास से अब यह मांग पूरी होने जा रही है।

विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि एफओबी बनने के बाद विजय नगर, कृष्णा नगर-बागू और आसपास के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग बताया।

वेव सिटी के सामने एफओबी का काम जारी

एनएचएआई की ओर से वेव सिटी के सामने भी फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। फिलहाल इसका ढांचा तैयार किया जा रहा है। इसके अगले महीने तक पूरा होने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

एनएच-9 से औद्योगिक क्षेत्र जाने के लिए रैंप खुले

एनएचएआई ने एनएच-9 से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने के लिए दो रैंप का निर्माण कराया है। लालकुआं से आगे एक रैंप वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इससे वाहन सीधे औद्योगिक क्षेत्र की ओर जा सकेंगे। दूसरा रैंप अगले सप्ताह खोले जाने की उम्मीद है। इसके बाद वाहन चालकों को और राहत मिलेगी।

गाजियाबाद में तीन रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी

यूपी रेरा ने छह जिलों की 12 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें गाजियाबाद की तीन आवासीय परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं में 3090 फ्लैट और दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इनमें करीब 1663.85 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी के अनुसार, लखनऊ में भी चार परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें दो आवासीय, एक व्यावसायिक और एक मिश्रित परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं में करीब 609.35 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 1972 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button