
केमिस्ट एसो. ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम को सफल बनाने का लिया संकल्प
पीएसआई इंडिया व केनव्यू के सहयोग से केमिस्ट एसोसिएशन की अभिमुखीकरण कार्यशाला
श्रावस्ती : ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को भिनगा में दवा विक्रेताओं और केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों की अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित हुई। पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान को लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मेडिकल स्टोर पर आने वालों को डायरिया से बचाव व रोकथाम के उपायों की जानकारी देना और चिकित्सक के पास जाने की सलाह देना था। कार्यशाला में पीएसआई इंडिया के पंकज पाठक ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के 13 और बिहार के तीन जनपदों में चलाया जा रहा है, जिसमें शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि डायरिया से किसी भी बच्चे की मौत न होने पाए, इसमें केमिस्ट बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। अभिमुखीकरण कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष कज्जन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में हरसम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय में डायरिया को लेकर आज भी भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिनको दूर करना जरूरी है। दस्त का सही समय पर उपचार बेहद जरूरी है क्योंकि उपचार न मिलना बच्चे के जीवन को संकट में डाल सकता है। कार्यशाला के अन्त में केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष कज्जन ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यशाला का समापन किया। कार्यशाला में केमिस्ट एसोसिएशन के सचिव मदन मोहन सिंह, कोषाध्यक्ष रिजवान, पीएसआई इंडिया से रमेश कुमार और करीब 40 दवा विक्रेता उपस्थित रहे।



