
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को गुजरात के एकता नगर में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में फिल्मी दुनिया से जुड़े कलाकारों को समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय कलाकारों के पास खासकर बच्चों और युवाओं को प्रभावित करने की बड़ी क्षमता होती है, इसलिए उन्हें अपनी सार्वजनिक भूमिका की जिम्मेदारी को समझना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि फिल्म कलाकार रचनात्मक अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण प्रतिनिधि हैं और उनकी लोकप्रियता का समाज पर सीधा प्रभाव पड़ता है। जब चर्चित कलाकार अनुशासित जीवनशैली और स्वास्थ्य से जुड़े सकारात्मक संदेश देते हैं, तो बड़ी संख्या में बच्चे और युवा उनसे प्रभावित होकर उसे अपनाने की कोशिश करते हैं।
स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक उत्पादों के प्रचार से बचने की अपील
इसी संदर्भ में राष्ट्रपति ने लोकप्रिय फिल्म कलाकारों से स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माने जाने वाले पदार्थों का प्रचार नहीं करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि असली स्टार वही है जो समाज में रोशनी फैलाए, न कि अंधेरा।
फिल्मी सितारों के पान मसाला और कुछ अन्य उत्पादों के विज्ञापनों में नजर आने को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है। राष्ट्रपति की यह अपील भी इसी व्यापक संदर्भ में सामने आई। कई चर्चित कलाकार अलग-अलग समय पर ऐसे उत्पादों के विज्ञापनों से जुड़े रहे हैं।
अक्षय कुमार भी पहले एक पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन में नजर आए थे। हालांकि, विरोध के बाद उन्होंने कंपनी से अपना जुड़ाव समाप्त कर दिया था। वहीं अल्लू अर्जुन, यश और आर. माधवन जैसे कुछ कलाकारों ने ऐसे उत्पादों के विज्ञापन के प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए थे।
पर्दे के पीछे काम करने वालों के योगदान को भी किया याद
राष्ट्रपति मुर्मु ने फिल्म निर्माण से जुड़े पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किसी फिल्म को तैयार करने में बड़ी संख्या में लोगों का योगदान होता है। इनमें मजदूर, छोटे कलाकार, सहायक और संघर्षरत कलाकार भी शामिल होते हैं।
उन्होंने पुरस्कार पाने वाले कलाकारों से अपील की कि वे अपनी टीम के हर उस सदस्य तक सम्मान और सराहना पहुंचाएं, जिसके योगदान से उनकी फिल्म पूरी हो सकी। राष्ट्रपति ने रचनात्मक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की जरूरत पर भी जोर दिया।
पहली बार दिल्ली से बाहर हुआ राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह
72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह इस बार एक और वजह से खास रहा। पहली बार इसका आयोजन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बाहर गुजरात के एकता नगर में किया गया। समारोह में भारतीय सिनेमा में पांच दशक से अधिक समय तक योगदान देने वाले कन्नड़ अभिनेता अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यामी गौतम समेत इन कलाकारों को मिला बड़ा सम्मान
समारोह में कई प्रमुख फिल्मों और कलाकारों को भी पुरस्कार मिले। राजनीतिक थ्रिलर फिल्म आर्टिकल 370 को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया। फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाली यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
वहीं मलयालम फिल्म भ्रमयुगम के लिए मैमूटी और हिंदी फिल्म चंदू चैंपियन के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार प्रदान किया गया।
राष्ट्रपति ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए सिनेमा को समाज का दर्पण बताया। उन्होंने कहा कि फिल्मों के जरिए भारतीय संस्कृति, संवेदनाओं और जीवन मूल्यों को देश-दुनिया तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने अलग-अलग भारतीय भाषाओं और क्षेत्रों में बनने वाली फिल्मों की भूमिका की भी सराहना की।



