
पटना: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार शाम एक पूर्व नगर निगम पार्षद पर घर में घुसकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र में 3 हथियारबंद हमलावरों ने बेसमेंट में बैठे अनिल यादव पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्हें कई गोलियां लगी हैं और गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बेसमेंट में बैठे थे अनिल यादव, तभी हुई फायरिंग
कानून-व्यवस्था के एसडीपीओ-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 3 हथियारबंद हमलावरों ने अनिल यादव को उस समय गोली मारी, जब वह अपने घर के बेसमेंट में बैठे थे। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब साढ़े 7 बजे हुई।
अनिल यादव की पत्नी हैं मौजूदा पार्षद
पुलिस के मुताबिक, घायल अनिल यादव की पत्नी पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 24 की मौजूदा पार्षद हैं। गोलीबारी के बाद पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर अस्पताल पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी अस्पताल पहुंचे। दोनों ने अनिल यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अस्पताल में प्रशांत किशोर ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने बिहार में ”जंगलराज” होने का आरोप भी लगाया।



