
नई दिल्ली: दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का थप्पड़ कांड सुर्खियों में बना हुआ है। तिलक नगर में सड़क के निरीक्षण के दौरान उन पर AAP विधायक जरनैल सिंह की टीम के सदस्य साहेब सिंह को थप्पड़ मारने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत विपक्षी दल बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। इसी बीच AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक तरफ पीएम मोदी ‘Gen-Z’ से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके मंत्री युवाओं को थप्पड़ मार रहे हैं।
केजरीवाल बोले- Gen-Z ऐसे नहीं जुड़ेगा
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर शाम 4:30 बजे तिलक नगर जा रहे हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली सरकार द्वारा बनाई गई सड़क पहले से ही टूट-फूट रही थी और खराब हो रही थी, जैसा कि पिछले दिन सामने आए वीडियो में देखा गया। इसी दौरान उनके अनुसार मंत्री ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘Gen-Z’ को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, रील्स बना रहे हैं और ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। दूसरी तरफ उनके ही मंत्री किसी युवक को थप्पड़ मारते हैं और प्रधानमंत्री की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होती।
केजरीवाल ने PM मोदी से की कार्रवाई की मांग
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्री और सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार सभी इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार कार्रवाई करती है तो प्रधानमंत्री को Gen-Z को जोड़ने के लिए रील्स बनाने या ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रमों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और Gen-Z अपने आप उनके साथ जुड़ जाएगा।
केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि ऊपर से दिल्ली पुलिस को मंत्री को बचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री मंत्री और भ्रष्टाचार को बचाएंगे तो Gen-Z उनसे नहीं जुड़ेगा। केजरीवाल ने कहा कि देश का Gen-Z सरकार से ईमानदारी की उम्मीद करता है।
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को दिया जवाब
केजरीवाल के बयान पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह केजरीवाल को जनता का दिल जीतने का तरीका सिखा सकते हैं, लेकिन इसके लिए पहले उन्हें ‘ड्रामा’ करने से फुर्सत मिलनी चाहिए। उन्होंने केजरीवाल से पहले अपना वीडियो देखने को भी कहा।
संजीव झा ने प्रवेश वर्मा पर किया पलटवार
वहीं आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने भी प्रवेश वर्मा पर पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए वर्मा पर ‘रोड छाप गुंडागर्दी’ और ‘कमीशनखोरी’ के आरोप लगाए। संजीव झा ने कहा कि कमीशनखोरी से जुड़े सबूत जल्द जनता के सामने रखे जाएंगे और दिल्ली की जनता को पता चलना चाहिए कि उसका मंत्री कितना बड़ा चोर है।



