
रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए टिकटों की कीमत घोषित कर दी गई है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग श्रेणियों के टिकट की कीमत 1,600 रुपये से लेकर 18,000 रुपये तक रखी गई है।
ईस्ट और वेस्ट हिल का टिकट 1,600 रुपये में मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न विंग के टिकटों की कीमत 2,000 रुपये से 3,500 रुपये तक निर्धारित की गई है। अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस टिकट की कीमत 4,500 रुपये, जबकि डोनर्स एन्क्लोजर का टिकट 4,000 रुपये रखा गया है।
हॉस्पिटैलिटी सुविधा वाले टिकटों की कीमत 8,000 रुपये से 15,000 रुपये तक होगी। वहीं एमएस धोनी पवेलियन के लग्जरी पार्लर का टिकट 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट सबसे महंगा
रांची टी-20 मुकाबले के लिए सबसे महंगा टिकट प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का होगा। इसकी कीमत 18,000 रुपये निर्धारित की गई है। इस तरह आम दर्शकों के लिए सबसे सस्ता टिकट 1,600 रुपये का होगा, जबकि सबसे महंगे टिकट के लिए 18,000 रुपये खर्च करने होंगे।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग की तारीख अभी नहीं हुई घोषित
जेएससीए ने स्पष्ट किया है कि आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री और ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। अभी टिकट बिक्री की तारीख, ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने का समय और टिकट खरीदने की पूरी प्रक्रिया की घोषणा नहीं की गई है। दर्शकों को इसके लिए जेएससीए की अगली सूचना का इंतजार करना होगा।
मैच को लेकर जिला प्रशासन ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में मैच के दौरान संभावित भारी भीड़, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई।
बिना टिकट दर्शकों को स्टेडियम के आसपास जमा नहीं होने दिया जाएगा
जिला दण्डाधिकारी ने स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम करने को कहा गया है। विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि दोपहर 3 बजे प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास इकट्ठा नहीं होने दिया जाए, ताकि मैच के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
गेट खुलने से पहले कतार में लगने की अपील
दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे प्रवेश द्वार खुलने से पहले स्टेडियम पहुंचें और निर्धारित स्थान पर कतार में लगें। इसके साथ ही प्रतिबंधित वस्तुएं स्टेडियम परिसर में नहीं लाने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन ने मैच देखने आने वाले लोगों और शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है, ताकि भारत-वेस्टइंडीज का यह अंतरराष्ट्रीय मुकाबला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।



