मध्य प्रदेशराज्य

AI की मदद से बदली मार्कशीट, फर्जी दस्तावेज पर BA सेकंड ईयर में लिया दाखिला; परीक्षा देने के बाद खुला मामला

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से संबद्ध धार के एक सरकारी कॉलेज की बीए छात्रा पर एआई की मदद से फर्जी मार्कशीट तैयार कर सेकंड ईयर में दाखिला लेने का मामला सामने आया है। छात्रा ने कथित तौर पर बदले हुए परीक्षा परिणाम वाली मार्कशीट के आधार पर न सिर्फ बीए सेकंड ईयर में प्रवेश लिया, बल्कि परीक्षा में भी शामिल हुई। जानकारी के मुताबिक, छात्रा बीए फर्स्ट ईयर की परीक्षा दे चुकी थी।

फर्स्ट ईयर का परीक्षा परिणाम जारी होने पर छात्रा एक विषय में सप्लीमेंट्री आई थी। इसके बाद कथित तौर पर एआई की मदद से मूल परीक्षा परिणाम में बदलाव कर उसे पास दिखाने वाली मार्कशीट तैयार की गई। इसी मार्कशीट के आधार पर उसने बीए सेकंड ईयर में दाखिला लिया और बाद में सेकंड ईयर की परीक्षा भी दे दी।

सेकंड ईयर का रिजल्ट रोका गया, फिर दर्ज हुई शिकायत

सेकंड ईयर की परीक्षा का परिणाम जारी होने के दौरान छात्रा का रिजल्ट रोक दिया गया। रिजल्ट रुकने के बाद छात्रा ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के दौरान छात्रा की ओर से प्रस्तुत मार्कशीट का विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड से मिलान किया गया।

मिलान के दौरान कथित तौर पर मार्कशीट में छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर मामले की जांच शुरू की गई।

विश्वविद्यालय ने कॉलेज से मांगी प्रवेश और दस्तावेजों की जानकारी

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. विष्णु मिश्रा ने बताया कि जांच में छात्रा के परीक्षा परिणाम में छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। विश्वविद्यालय ने मामले को लेकर धार के संबंधित सरकारी कॉलेज को नोटिस जारी किया है।

नोटिस के जरिए कॉलेज से छात्रा के प्रवेश और उसके दस्तावेजों से संबंधित जानकारी मांगी गई है। विश्वविद्यालय की ओर से पूरे मामले की जांच के बाद छात्रा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। अब कॉलेज से मिलने वाली जानकारी और दस्तावेजों के आधार पर विश्वविद्यालय की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button