मेरठ स्पोर्टस यूनिवर्सिटी में गांधी-शास्त्री जयंती पर दिया सेवा, स्वच्छता और स्वस्थ समाज का संदेश
मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सलावा, मेरठ में श्रद्धा, गरिमा और सेवा-भाव के साथ आयोजन किया गया।
Meerut News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सलावा, मेरठ में श्रद्धा, गरिमा और सेवा-भाव के साथ आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ. दीप अहलावत, वीएसएम (सेवानिवृत्त) के विजन, कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को स्मरण करते हुए युवाओं को सेवा, स्वच्छता, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन
गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत डॉ. लाल पैथलैब्स के सहयोग से रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री सुनील कुमार झा, डीन एकेडमिक्स डॉ. रचना वर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. पूनम भंडारी तथा को-करिकुलर एक्टिविटी कमेटी के अध्यक्ष अंकित आर्या द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। शास्त्री जी के अमर उद्घोष ‘जय जवान, जय किसान’ को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया।

रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर
जयंती समारोह के पश्चात आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर के दौरान लगभग 18–20 विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवीय सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया, जबकि लगभग 40 प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। शिविर में प्रतिभागियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। रक्तदान करने वाले प्रतिभागियों को उनके इस मानवीय एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
डीन एकेडमिक्स डॉ. रचना वर्मा ने सर्वप्रथम किया रक्तदान
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. रचना वर्मा ने सर्वप्रथम स्वयं रक्तदान कर उदाहरण प्रस्तुत किया और विद्यार्थियों, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा स्वयं आगे बढ़कर रक्तदान करने से शिविर में उत्साह और सेवा-भाव का संचार हुआ तथा अन्य प्रतिभागी भी रक्तदान के लिए प्रेरित हुए।
सेवा और राष्ट्रसमर्पण की प्रेरणादायी मिसाल
इस अवसर पर कुलपति मेजर जनरल डॉ. दीप अहलावत, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्य, सादगी, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रसमर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का दायित्व केवल विद्यार्थियों को शिक्षा एवं खेल प्रशिक्षण प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच जैसे सेवा-आधारित आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को केवल स्मरण तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने जीवन एवं आचरण में अपनाने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय परिवार के प्रतिभागियों की सहभागिता की सराहना
डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. पूनम भंडारी ने कहा कि कुलपति मेजर जनरल डॉ. दीप अहलावत के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की उस प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है, जिसके अंतर्गत शिक्षा और खेल के साथ-साथ सेवा, स्वास्थ्य, मानवीय मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारी को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसी पहल युवाओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसे व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
राष्ट्रभक्ति की भावना का विशेष वातावरण देखने को मिला
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में सेवा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का विशेष वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी ने गांधी जी के ‘स्वच्छता एवं सेवा’ के संदेश तथा शास्त्री जी के कर्तव्य और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवंत रूप प्रदान किया। इस अवसर पर एमडीएसयू परिवार ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति निरंतर समर्पित रहने का संकल्प लिया।



