
UP राज्यसभा चुनाव में BJP ने 8 उम्मीदवार उतारे, बड़े चेहरों को नहीं मिला टिकट; सामने आए नए नाम
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव के लिए अपने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने मंत्री धर्मपाल सिंह समेत आठ नेताओं को मैदान में उतारा है। इस सूची में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जिनके बारे में पहले राज्यसभा टिकट के लिए चर्चा नहीं थी, जबकि कुछ बड़े चेहरे इस बार सूची से बाहर हो गए हैं।
धर्मपाल सिंह समेत इन 8 नेताओं को मिला टिकट
भाजपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक धर्मपाल सिंह के अलावा राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी के बयान के अनुसार, इन सभी आठ नामों को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दी है।
16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की कुल 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 सीट और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
इन मौजूदा सांसदों का कार्यकाल हो रहा खत्म
उत्तर प्रदेश से जिन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें भाजपा के अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बी. एल. वर्मा, सीमा द्विवेदी और हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव और बहुजन समाज पार्टी के रामजी गौतम का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की राज्यसभा सीट 11 सितंबर से रिक्त है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद दिनेश शर्मा ने 11 सितंबर को राज्यसभा से इस्तीफा दिया था, जो उसी दिन प्रभावी हो गया था।



