
वृंदावन आश्रम कांड में नया CCTV फुटेज आया सामने, दीपक लोधी सीढ़ियों से चौथी मंजिल की ओर जाता दिखा; मौत से पहले क्या हुआ?
मथुरा: वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के गुरु कृपा कुंज आश्रम में रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। घटना से जुड़ा एक और CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें दीपक लोधी घटना के बाद सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि इसके बाद उसने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी।
हालांकि, सामने आए CCTV फुटेज से जुड़े इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि दीपक लोधी ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया।
CCTV में सीढ़ियों से ऊपर जाता दिखा दीपक
सामने आए फुटेज में दीपक लोधी सीढ़ियों से ऊपर की ओर जाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उस घटना के बाद का है, जिसमें उसने कथित तौर पर खुद को गंभीर रूप से घायल किया था। इसके बाद उसके चौथी मंजिल तक पहुंचने और वहां से नीचे गिरने की बात कही जा रही है।
अगर जांच में यह घटनाक्रम सही पाया जाता है तो यह CCTV फुटेज दीपक लोधी की मौत से पहले के आखिरी पलों की अहम कड़ी साबित हो सकता है।
दीपक की मौत की वजह अब भी बनी हुई है रहस्य
दीपक लोधी ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका जवाब अभी तक नहीं मिल पाया है। परिवार और उसके करीबियों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। उसकी मौत के बाद से ही आश्रम के बाहर लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
लोग मामले की निष्पक्ष जांच और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
घटना के 9 दिन बाद ट्रस्ट ने जारी किया बयान
इस बीच राधा केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से सोशल मीडिया पर एक अपील जारी की गई है। आश्रम प्रबंधन ने पुष्टि की है कि यह अपील उसी की ओर से जारी की गई है। बयान में कहा गया है कि हाल में हुई घटना से पूज्य महाराज जी और समस्त परिकर अत्यंत आहत हैं।
ट्रस्ट ने मृतक के परिवार के प्रति सहानुभूति जताई है और पुलिस प्रशासन के साथ घटना की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच में पूर्ण सहयोग करने की बात कही है।
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं, साधकों और आम लोगों से अपुष्ट जानकारी, अफवाह और अनुमान के आधार पर आश्रम या पूज्य महाराज जी की छवि को धूमिल करने वाला प्रचार नहीं करने की अपील की है। ट्रस्ट ने भरोसा जताया है कि पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद घटना के वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।
पुलिस जांच को लेकर भी उठ रहे सवाल
घटना के करीब 9 दिन बाद ट्रस्ट की ओर से बयान आने को लेकर चर्चा तेज है। सवाल उठ रहा है कि अगर घटना के तुरंत बाद स्थिति स्पष्ट की जाती तो क्या विवाद इतना बढ़ता?
दूसरी तरफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि आत्महत्या के मामले में अब तक मुकदमा दर्ज क्यों नहीं किया गया।
फिलहाल नया CCTV फुटेज सामने आने के बाद दीपक लोधी की मौत का रहस्य और गहरा गया है। उसने खुद को गंभीर रूप से घायल करने के बाद चौथी मंजिल तक कैसे पहुंचा, मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ और आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।



