छत्तीसगढ़राज्य

SING FORUM में CM साय का ग्लोबल इन्वेस्टर्स को बड़ा न्योता, बोले- छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए नीतिगत सहयोग का भरोसा

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन SING FORUM के मंच से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने वैश्विक निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को बेहतर नीतिगत वातावरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।

खनिज से आगे तकनीक और नवाचार पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है। राज्य तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता के साथ मिलकर विकास की नई संभावनाएं पैदा कर सकता है। राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण तैयार करने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

लॉजिस्टिक्स और ग्रीन एनर्जी समेत कई क्षेत्रों पर चर्चा

बैठक के दौरान टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग को लेकर चर्चा हुई। इन क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच साझेदारी की संभावनाओं पर विचार किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच मजबूत साझेदारी से सिर्फ निवेश को बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी गति मिलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button