राजनीतिराष्ट्रीय

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, खड़गे बोले- SIR रद्द हो और बैलेट पेपर से हों चुनाव; इन 3 मुद्दों पर समझौता नहीं

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव आयोग से जुड़े हालिया विवाद के बीच तीन ऐसी मांगें रखी हैं, जिन पर उन्होंने किसी भी तरह के समझौते से इनकार किया है। खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी SIR को रद्द करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कांग्रेस पार्टी की तीन मांगें ऐसी हैं, जिन पर कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने पहली मांग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, दूसरी SIR को रद्द करने और तीसरी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की बताई।

SIR को लेकर कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन

खड़गे ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता और ‘इंडिया’ ब्लॉक के सहयोगी इन तीन मुद्दों को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में अलग-अलग जगहों पर इन मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे सिविल सोसाइटी के सदस्यों और युवा संगठनों के साथ कांग्रेस खड़ी है।

वोटर लिस्ट के SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए ‘इंडिया’ ब्लॉक के नेतृत्व में कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

महिला पत्रकारों से बदसलूकी का भी उठाया मुद्दा

कांग्रेस अध्यक्ष ने दिल्ली में सीईसी के विरोध के दौरान महिला पत्रकारों के साथ हुई कथित बदसलूकी का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली में महिला पत्रकारों को परेशान किया है और इसे बेहद निंदनीय बताया।

शनिवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने रविवार को बताया कि इन शिकायतों को निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है।

मुंबई में विपक्ष का ‘गर्जना मोर्चा’

इस बीच राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई में ‘गर्जना मोर्चा’ आयोजित किया। इस प्रदर्शन को लेकर भाजपा और शिवसेना ने पलटवार किया। दोनों ने इसे दोहरे मापदंड और पब्लिसिटी स्टंट का प्रदर्शन बताया।

Related Articles

Back to top button