ब्लैक सी में रूसी ड्रोन ने तुर्की के कार्गो शिप को बनाया निशाना, आग लगने के बाद डूबा जहाज; कैप्टन की मौत, भारतीय क्रू घायल

नई दिल्ली: ब्लैक सी में रूसी ड्रोन हमले में तुर्की के एक कार्गो शिप को निशाना बनाए जाने के बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग के बाद जहाज समुद्र में डूब गया। इस घटना में जहाज के कैप्टन की मौत हो गई, जबकि कई क्रू सदस्य घायल हुए हैं। घायलों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। जहाज पर कुल तीन भारतीय नागरिक मौजूद थे और भारतीय दूतावास के मुताबिक तीनों सुरक्षित हैं।
11 क्रू सदस्यों को किया गया सुरक्षित रेस्क्यू
हमले के बाद जहाज पर सवार सभी 11 क्रू सदस्यों को बचा लिया गया। घायल भारतीय क्रू सदस्य को इलाज के लिए रोमानिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय दूतावास ने बताया कि उसने तीनों भारतीय नागरिकों से बातचीत की है। इनमें से एक घायल है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
रोमानिया की समुद्री सीमा के बाहर हुआ हमला
यह घटना ब्लैक सी में रोमानिया की समुद्री सीमा के बाहर हुई। हमले में जिस जहाज को निशाना बनाया गया, उसकी पहचान एमवी रोयाद ममादोव के तौर पर हुई है। ड्रोन हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिससे हालात गंभीर हो गए और बाद में कार्गो शिप समुद्र में डूब गया।
जेलेंस्की ने रूस को ठहराया जिम्मेदार
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने हमले के लिए रूस को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि दो रूसी ड्रोन ने एक नागरिक जहाज को निशाना बनाया। उनके मुताबिक, यह जहाज तुर्की का था। हमले के बाद जहाज पर मौजूद चालक दल के सदस्यों को बचाने के लिए अभियान चलाया गया और 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
तीन भारतीय नागरिक थे जहाज पर
एमवी रोयाद ममादोव पर तीन भारतीय नागरिकों के सवार होने की पुष्टि हुई है। हमले में इनमें से एक भारतीय क्रू सदस्य घायल हुआ। उसे इलाज के लिए रोमानिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय दूतावास ने कहा कि वह अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में है और घायल भारतीय नागरिक को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मक्का लेकर इटली जा रहा था जहाज
रोमानिया के गृह मंत्रालय के अनुसार, जहाज के 11 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। नौसैनिक अधिकारियों ने जहाज की पहचान एमवी रोयाद ममादोव के रूप में की। यह जहाज मक्का लेकर इटली के रेवेना जा रहा था। उसकी अंतिम जानकारी के मुताबिक, उसने यूक्रेन के इजमेल बंदरगाह पर आखिरी बार ठहराव किया था।
एमवी रोयाद ममादोव सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे के साथ चल रहा था। घटना के बाद जहाज के डूबने से उस पर मौजूद माल और चालक दल की सुरक्षा को लेकर स्थिति गंभीर हो गई। भारतीय दूतावास ने बाद में दोहराया कि जहाज पर मौजूद तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और घायल भारतीय नागरिक का इलाज जारी है। वहीं, इस घटना में कैप्टन की जान चली गई, जबकि अन्य क्रू सदस्यों को बचा लिया गया।



