रूस के ब्लैक सी में टैंकर पर हमला, लगी भीषण आग; जलते जहाज से 23 भारतीय क्रू मेंबर्स का सुरक्षित रेस्क्यू

नई दिल्ली। रूस के ब्लैक सी में एक अनमैन्ड वेसल के हमले के बाद लाइबेरिया के झंडे वाले टैंकर ‘एफ्रामैक्स रियो’ में आग लग गई। जहाज में आग लगने के बाद बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें सवार सभी 23 भारतीय क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रूस के परिवहन मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है।
सभी 23 भारतीय नागरिक सुरक्षित
रूस के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, टैंकर के क्रू में कुल 23 सदस्य थे और सभी भारतीय नागरिक हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद सामने आए वीडियो में ब्लैक सी में एक जहाज को आग की लपटों से घिरा देखा गया, जबकि उसके ऊपर आसमान में धुएं का घना गुबार उठता नजर आया।
आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
मंत्रालय ने बताया कि आग की लपटें कम होने के बाद दमकलकर्मियों के पास आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद थे। दक्षिणी रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में स्थित सिरियस के स्थानीय अधिकारियों ने सबसे पहले टैंकर में आग लगने की सूचना दी थी।
रेस्क्यू और राहत अभियान के चलते अधिकारियों ने इलाके के समुद्र तटों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया था। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी बढ़ाया गया।
कुछ दिन पहले भी भारतीय क्रू वाला जहाज बना था निशाना
ब्लैक सी में भारतीय क्रू से जुड़ी यह घटना ऐसे समय हुई है, जब इससे पहले भी एक कार्गो शिप को हमले का सामना करना पड़ा था। उस घटना में रूसी ड्रोन ने एक कार्गो शिप को निशाना बनाया था, जिसमें तीन भारतीय नागरिक क्रू में शामिल थे।
हमले के दौरान जहाज के कैप्टन की मौत हो गई थी, जबकि एक भारतीय क्रू मेंबर के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास ने बाद में बताया था कि तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। हमले के बाद कार्गो शिप ‘एमवी रोयाद ममादोव’ में भीषण आग लग गई थी और बाद में यह समुद्र में डूब गया था।



