स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बीच सबकुछ ठीक नहीं था? कप्तानी को लेकर सामने आई मतभेद की वजह

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नेतृत्व व्यवस्था में बड़ा बदलाव हुआ है। वनडे और टी20 टीम की कप्तानी अब स्मृति मंधाना को सौंप दी गई है। इस बदलाव के बाद ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बीच पिछले कुछ समय से सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। टीम इंडिया से जुड़े सूत्र के मुताबिक, दोनों के बीच काफी समय से ठीक से बातचीत नहीं हो रही थी और इसका असर ड्रेसिंग रूम के माहौल पर भी पड़ा था।
कप्तानी बनी दोनों के बीच मतभेद की वजह?
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बीच कथित मतभेद की वजह को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद की वजह कप्तानी थी। एक इंटरव्यू में मंधाना ने कहा था कि अगर उन्हें टीम की कप्तानी मिलती है तो यह उनके लिए गौरव की बात होगी।
बताया जा रहा है कि इसके बाद हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बीच बातचीत पहले जैसी नहीं रही। हालांकि, इस दावे में कितनी सच्चाई है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मिताली राज ने भी उठाए थे सवाल
हाल ही में टी20 विश्व कप में टीम इंडिया के बाहर होने के बाद पूर्व क्रिकेटर मिताली राज ने एक इंटरव्यू में कहा था कि चयनकर्ताओं को स्मृति मंधाना को 2-3 साल पहले ही वनडे टीम की कप्तानी सौंप देनी चाहिए थी। उन्होंने हरमनप्रीत कौर की फिटनेस और फॉर्म पर भी सवाल उठाए थे।
अब भारतीय महिला टीम में कप्तानी का फैसला लिया जा चुका है। गुवाहाटी में बीसीसीआई की बैठक के बाद हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ दी है और स्मृति मंधाना टीम की कमान संभालेंगी।
क्या टीम इंडिया में बनी रहेंगी हरमनप्रीत?
कप्तानी जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हरमनप्रीत कौर भारतीय टीम का हिस्सा बनी रहेंगी। पिछले कुछ समय से उनके बल्ले से उम्मीद के मुताबिक रन नहीं निकले हैं। हालांकि, उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे और टी20 टीम में जगह दी गई है।
अगर हरमनप्रीत के बल्ले से रन नहीं निकलते हैं तो टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं। ऐसे में कप्तानी छोड़ने के बाद उनके लिए टीम में अपनी जगह बनाए रखना एक अहम चुनौती हो सकती है।



