पीवीवीएनएल एमडी ने मॉ शाकुंभरी देवी मेला क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा का लिया जायजा
मॉ शाकुंभरी देवी मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता।
सहारनपुर। पश्चिम यूपी के सहारनपुर स्थित मां शाकुंभरी देवी मेला क्षेत्र (जसमौर) का पीवीवीएनएल एमडी रवीश गुप्ता ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा इन्तजामों का गहन निरीक्षण कर विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। विद्युत सुरक्षा से संबंधित जरूरी कदम तुरन्त उठाए जाएं। प्रबन्ध निदेशक ने मेला परिसर से गुजरने वाली सभी एचटी/एलटी विद्युत लाइनों एवं उपकरणों की गहनता से जाँच करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर सुरक्षित रूप से मगांकर रखा जाए
मेले में विद्युत आपूर्ति को दृष्टिगत रखते हुए, प्रबन्ध निदेशक ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में वर्तमान में स्थापित 250 केवीए (जिस पर वर्तमान भार 100 केवीए है) के ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति मे तुरन्त बदलने के लिए एक 100 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर सुरक्षित रूप से मगांकर रख लिया जाए। जिससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की स्थिति मे तुरन्त ट्रांसफार्मर बदलकर, विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके। निरीक्षण के दौरान प्रबन्ध निदेशक ने सुरक्षा पीपीई किट (हैलमेट, सेफ्टी जैकिट आदि) पहनने एवं लाईन स्टाफ और फील्ड कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उन्हें आवश्यक सुरक्षा दिशा-निर्देश दिए।

अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया
मेला क्षेत्र का निरीक्षण करने के उपरान्त प्रबन्ध निदेशक ने 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र बेहट का निरीक्षण कर, अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण मे 11 केवी केबल मे तकनीकी खराबी के कारण, बंद पडे कैपीसीटर बैक को तुरन्त ठीक कराने के लिए संबंधित एएमसी फर्म से समन्वय स्थापित कर, कैपीसीटर बैक को सही कराने के निर्देश दिए।

निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
प्रबन्ध निदेशक ने कहा कि पूरे क्षेत्र में निर्धारित रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रबन्ध निदेशक ने सख्त निर्देश दिए कि लाईन पर काम करते समय कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की अनदेखी या लापरवाही बर्दाश्त नही की जाऐगी। उन्होनें निर्देशित किया कि विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण और रख-रखाव को गंभीरता से लिया जाए। प्रबन्ध निदेशक ने राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए।
ये भी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियन्ता (वितरण), सहारनपुर क्षेत्र सहारनपुर इं० हेमराज सिंह, अधीक्षण अभियन्ता इं० रविन्द्र बाबू, अधिशासी अभियन्ता इं० सुभाष चन्द्र सहित संबधित उपखंड अधिकारी, अवर अभियन्ता एवं लाइन स्टाफ उपस्थित रहे।



