हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में एनकेबी टाइम्स का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने संस्थान की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है।
जनसमस्याओं को सामने लाने में पत्रकारिता की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ जनसमस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की परेशानियों को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगा और पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का काम करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और इसे लगातार मजबूत बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।

‘सबके राम’ की अवधारणा से दिया एकता और सद्भाव का संदेश
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं। उनके आदर्श पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। भारतीय परंपरा में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। उनके आदर्श समाज में एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देते हैं।
पीएम मोदी के संबोधन का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था।
उन्होंने कहा कि अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने, एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखने और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार रखे।
कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या और राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनके अलावा दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा और रेणु अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
एनकेबी टाइम्स की ओर से निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह और गणेश जोशी मौजूद रहे। वहीं, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. समेत अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




