अपराधराज्य

बेकाबू SUV ने बाइकों को रौंदते हुए कबाब सेंटर में मारी टक्कर, उबलते तेल से 3 लोग झुलसे; CCTV में कैद हुआ हादसा

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बन्नेरघट्टा इलाके में तेज रफ्तार एसयूवी का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित गाड़ी ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइकों को टक्कर मारी और फिर सीधे एक कबाब सेंटर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि होटल में खाना बनाने के लिए रखी कड़ाही का उबलता तेल बिखर गया। इसकी चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

पहले बाइकों को मारी टक्कर, फिर कबाब सेंटर में घुसी SUV

यह घटना 28 अक्टूबर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार एसयूवी बन्नेरघट्टा इलाके की सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे खड़ी बाइकों से टकरा गई। इसके बाद एसयूवी पास में स्थित कबाब सेंटर के अंदर जा घुसी।

हादसे के समय सेंटर में खाना बनाने का काम चल रहा था और कड़ाही में तेल उबल रहा था। एसयूवी की जोरदार टक्कर के कारण कड़ाही में रखा गर्म तेल बिखर गया। वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए और झुलसकर घायल हो गए।

तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे, अस्पताल में भर्ती

इस दुर्घटना में बसवराज, मुनिकृष्णा और मंजेश गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में सड़क किनारे खड़ी बाइकों को भी नुकसान पहुंचा है।

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

कबाब सेंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में हादसे की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में एसयूवी पहले बाइकों से टकराती और फिर होटल के अंदर घुसती दिखाई दे रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बन्नेरघट्टा पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एसयूवी चालक ने वाहन से नियंत्रण कैसे खोया। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button