उत्तराखंडराज्य

देहरादून में रफ्तार का कहर! खाद से लदे ट्राले ने कार को कुचला, दो महिलाओं समेत चार की मौत, बच्चे की हालत गंभीर

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हो गया। साईं मंदिर के पास खाद से लदे एक अनियंत्रित ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्राले के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

सहारनपुर से देहरादून आ रहा था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला इलाके में कार ट्राले की चपेट में आ गई। ट्राले के नीचे दबने से कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

कार काटकर निकाले गए शव

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा। अब तक चार लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं, कार से एक घायल बच्चे को भी बाहर निकाला गया।

कार में मिले दिवाली के गिफ्ट और सामान

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार के अंदर दिवाली के गिफ्ट और अन्य सामान भी मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे की भयावहता को देखते हुए इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button