शराब पीने से रोका तो घर में हुआ विवाद, गुस्से में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, छलांग लगाकर दी जान

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गुनगा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक 20 वर्षीय युवक ने पानी की टंकी से कूदकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक को परिवार के सदस्य शराब पीने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई, जिससे नाराज होकर युवक गांव के पास बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। परिजनों ने उसे समझाने और नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि वे उसे रोक पाते, उसने टंकी से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी जान चली गई।
मृतक की पहचान गुनगा निवासी शंकर अहिरवार के रूप में हुई है। वह पदम अहिरवार का बेटा था और उसकी उम्र करीब 20 साल बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शंकर के शराब पीने की आदत को लेकर परिवार के सदस्य उसे रोकते थे। इसी बात पर मंगलवार को घर में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और नाराज होकर शंकर घर से निकल गया। इसके बाद वह गांव के नजदीक बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया।
भाई ने टंकी पर पहुंचकर समझाया, लेकिन नहीं माना युवक
घटना के दौरान शंकर को बचाने के लिए उसका भाई भी पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसने काफी देर तक शंकर को समझाने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की। हालांकि, युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। परिजन उसे नीचे उतार पाते, इससे पहले ही उसने ऊंचाई से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुनगा थाना पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
गुनगा थाना प्रभारी रिंकू सिंह जाटव के मुताबिक, मंगलवार शाम शंकर लाल अहिरवार ने गांव के पास स्थित पानी की टंकी से कूदकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में शराब पीने को लेकर परिवार के साथ विवाद होने की बात सामने आई है। विवाद के बाद युवक गुस्से में घर से निकलकर टंकी पर चढ़ गया था। उसके भाई ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह छलांग लगाने से नहीं रुका।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
20 साल के युवक की मौत से परिवार में पसरा मातम
कम उम्र में शंकर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शराब पीने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार को अपना 20 वर्षीय बेटा खोना पड़ा। घटना के बाद गुनगा गांव में भी शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



