मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश हुए पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, AIIMS में भर्ती; कार्डियोलॉजी टीम कर रही जांच

नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 75 वर्षीय धनखड़ को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में रखा गया है, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और उपचार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह टहलते समय धनखड़ अचानक बेहोश हो गए थे। बताया जा रहा है कि वह कुछ मिनट तक अचेत रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे। इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की और जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज
शुरुआती चिकित्सा सहायता के बाद भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई थी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया, जहां कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया। फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक मेडिकल जांच की जा रही है।
हालांकि, धनखड़ की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। एम्स प्रशासन की ओर से भी कोई आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी सेहत को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
अगस्त 2022 में बने थे देश के 14वें उपराष्ट्रपति
जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए थे। उन्होंने जुलाई 2025 में उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबर सामने आई है।



