मध्य प्रदेशराज्य

दिव्यांग गायक सुनील लोधी का दीपावली पर पूरा हुआ सालों पुराना सपना, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गिफ्ट की बजाज पल्सर

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के दिव्यांग गायक सुनील लोधी के लिए इस बार की दीपावली खुशियों की सौगात लेकर आई। अपनी सुरीली आवाज से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाले सुनील का सालों पुराना सपना आखिरकार पूरा हो गया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उन्हें दीपावली के खास मौके पर नई बजाज पल्सर बाइक उपहार में दी। फिल्म ‘हनुमानअंश’ के चर्चित भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे सागर में नैया डार दई’ से पहचान बनाने वाले सुनील के लिए यह उपहार बेहद खास रहा।

दरअसल, सुनील लोधी बचपन से ही अपनी पल्सर बाइक होने का सपना देखते थे। कुछ समय पहले जब उनकी आवाज में गाया गया भजन फिल्म में शामिल हुआ और उन्हें पहचान मिलने लगी, तब उनकी मुलाकात मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और उनके बेटे आकाश राजपूत से हुई थी। इसी दौरान सुनील ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए बताया था कि वह भी एक दिन अपनी पल्सर बाइक खरीदना चाहते हैं।

मंत्री ने दीपावली पर पूरा किया सुनील से किया वादा

सुनील की ख्वाहिश सुनने के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उनसे वादा किया था कि वह उनका सपना जरूर पूरा करेंगे। दीपावली के अवसर पर मंत्री ने अपना वादा निभाते हुए सुनील को अपने निवास मातेश्वरी पर बुलाया। यहां उन्होंने नई बजाज पल्सर बाइक की चाबी सौंपकर उन्हें त्योहार का खास तोहफा दिया।

अपनी पसंद की बाइक मिलने पर सुनील की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनके लिए यह सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि बरसों से संजोए सपने के सच होने का पल था। मंत्री की इस पहल ने दीपावली की खुशियों को उनके लिए और भी यादगार बना दिया।

ट्रेन और गांव की गलियों में भजन गाकर मिली पहचान

सुनील लोधी जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं, लेकिन उनकी संगीत प्रतिभा ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। वह सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले हैं। कभी गांव की गलियों में तो कभी ट्रेनों में तमूरा बजाकर बुंदेली पारंपरिक भजन गाया करते थे।

उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया, जब उनके गाए भजन को फिल्म ‘हनुमानअंश’ में जगह मिली। ‘मैंने तेरे ही भरोसे सागर में नैया डार दई’ गीत लोकप्रिय होने के बाद उनकी आवाज बुंदेलखंड से बाहर भी पहुंची और उन्हें व्यापक पहचान मिलने लगी।

आंखों के इलाज के लिए भी मंत्री ने की पहल

सुनील की प्रतिभा और संघर्ष से प्रभावित होकर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने उनके आंखों के उपचार के लिए भी पहल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग से चिकित्सकों की टीम ने उनकी आंखों की जांच की है। उपचार के संबंध में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद जताई गई है। इससे सुनील के जीवन में रोशनी लौटने की उम्मीद भी जगी है।

इस दीपावली पल्सर बाइक मिलने से सुनील की खुशियां दोगुनी हो गईं। एक ओर उनकी गायकी ने उन्हें पहचान दिलाई, तो दूसरी ओर बरसों पुराना सपना पूरा होने से उनके जीवन में खुशी का नया अध्याय जुड़ गया। सुनील की कहानी इस बात की मिसाल है कि प्रतिभा किसी शारीरिक चुनौती की मोहताज नहीं होती और सही प्रोत्साहन मिलने पर संघर्ष करने वाले व्यक्ति के सपनों को नई उड़ान मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button