अपराधउत्तराखंड

रुद्रपुर जिला अस्पताल में खूनी वारदात! CCTV विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, भाई समेत 3 पर हमला

रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित जिला अस्पताल में शुक्रवार को दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मोबाइल दुकान के संचालक नितेश जौहरी पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौत हो गई। हमले में उनके भाई समेत तीन अन्य युवक भी घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद की वजह दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाने को लेकर हुआ झगड़ा था।

एक सप्ताह पहले भी हुआ था विवाद, मिली थी जान से मारने की धमकी

मृतक की पहचान जगतपुरा निवासी 36 वर्षीय नितेश जौहरी के रूप में हुई है। वह कमलेश जौहरी के पुत्र थे और जगतपुरा में मोबाइल की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उनका पड़ोस में मोबाइल दुकान चलाने वाले युवक के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान पड़ोसी दुकानदार ने नितेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

CCTV कैमरे की दिशा को लेकर शुक्रवार सुबह फिर भिड़े दुकानदार

शुक्रवार सुबह पड़ोसी दुकानदार अपनी दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रहा था। आरोप है कि कैमरे का रुख नितेश की दुकान के प्रवेश द्वार की तरफ था। इस पर नितेश, उनके भाई दिनेश और दुकान में काम करने वाले कर्मचारी कशिश ने आपत्ति जताई।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी दुकानदार ने कशिश के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। चोट लगने से कशिश गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

घायल कर्मचारी को देखने पहुंचे थे, अस्पताल में ही कर दिया हमला

कशिश को अस्पताल पहुंचाने के बाद नितेश, उनके भाई दिनेश और एक अन्य कर्मचारी कमलेश भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि कुछ देर बाद पड़ोसी दुकानदार अपने कई साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गया। इसके बाद आरोपियों ने अस्पताल परिसर में ही नितेश और उनके साथ मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया।

इस दौरान नितेश के सीने में धारदार हथियार से वार किया गया। वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके भाई दिनेश और दो अन्य युवक भी हमले में घायल हुए। अस्पताल में तैनात पीआरडी जवानों ने बीच-बचाव कर किसी तरह घायलों को हमलावरों से बचाया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

आधे घंटे तक डॉक्टरों ने किया इलाज, फिर भी नहीं बची जान

हमले के बाद गंभीर हालत में नितेश को बचाने के लिए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने करीब आधे घंटे तक उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं, गंभीर रूप से घायल कशिश की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम अस्पताल पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने नितेश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत के मुताबिक, फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे को लेकर शुरू हुआ विवाद अस्पताल परिसर में हत्या तक पहुंच गया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button