
खरना के साथ शुरू हुआ करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास
लखनऊ : भगवान भाष्कर व प्रकृति उपासना के चार दिवसीय लोकआस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना पर छठी मैया को भोग के साथ व्रतियों का करीब 36 से 40 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। खरना का तात्पर्य शुद्धिकरण से है, मतलब पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ पूरे दिन व्रत रखकर सूर्यास्त के बाद मिट्टी के नए चूल्हे पर चावल-दूध और गुड़ से खीर, रोटी या पूड़ी-पराठा तैयार किया जाता है। व्रती पहले देवी को भोग लगाते हैं, फिर प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद प्रसाद का वितरण परिवार के अन्य सदस्यों को किया जाता है।
पारिवारिक सदस्यों व इष्ट-मित्रों के साथ हर साल धूमधाम से छठ महापर्व मनाने वाली विभा शर्मा बताती हैं कि इस पर्व को लेकर परिवार में पूरे साल उत्साह रहता है। इस 36 से 40 घंटे के कठिन निर्जला उपवास में भी उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं होती है, क्योंकि जगत को ऊर्जा प्रदान करने वाले सूर्य देव इस दौरान भी ताकत, संयम और धैर्य प्रदान करते हैं। वह बताती हैं कि शनिवार को पूरे दिन व्रत रखकर सूर्यास्त के बाद प्रसाद तैयार किया, छठी मैया की पूजा-अर्चना के साथ देवी को सबसे पहले बनाये गए पकवानों व मौसमी फलों खासकर केला का भोग अर्पण किया। इस दौरान घर में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल पूरी तरह वर्जित रहता है।

विभा शर्मा बताती हैं कि इस महापर्व पर प्रकृति प्रदत्त मौसमी फलों, खास पकवानों व अन्य सामग्रियों को सजाकर सूप में रखकर रविवार को अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही परिवार की खुशहाली, समृद्धि, संतान की लम्बी उम्र, मनोकामना पूर्ण होने और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रसाद के रूप में इन्हें ग्रहण किया जाएगा। उन्होंने परिवार जनों, सभी दोस्तों और पड़ोसियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि ये व्रत ही ऐसा है कि लोग तत्परता से आगे आकर मदद करते हैं और साथ में पुण्य के भागी बनते हैं।



