मध्य प्रदेशराज्य

ट्रेन में सफाई के दावों की खुली पोल! सीट के नीचे मिला इस्तेमाल किया हुआ डायपर, शिकायत पर भी नहीं हुई सुनवाई

इंदौर: रेलवे ट्रेनों में बेहतर सफाई व्यवस्था के दावे करता है, लेकिन इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस में सामने आई गंदगी की तस्वीरों ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री को अपनी सीट के नीचे इस्तेमाल किया हुआ डायपर और कचरा पड़ा मिला। यात्री ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करने के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इंदौर से कोलकाता जा रही क्षिप्रा एक्सप्रेस (22911) में यात्रा कर रहे निकुंज जैन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उनकी सीट के नीचे का हिस्सा बेहद गंदा था। वहां इस्तेमाल किया हुआ डायपर और कचरा बिखरा पड़ा था। यात्री ने इस गंदगी की तस्वीर भी साझा की और रेलवे की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।

निकुंज जैन के मुताबिक, उन्होंने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 9109901851 पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने रेलमदद ऐप के जरिए शिकायत करने की कोशिश की, मगर ऐप पर रखरखाव का काम चलने के कारण शिकायत दर्ज नहीं हो सकी। यात्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्रालय और रेलवे सेवा के आधिकारिक खातों को टैग करते हुए इसे बेहद खराब सेवा बताया।

सोशल मीडिया पर शिकायत के बाद रेलवे ने दिया जवाब

मामला सोशल मीडिया पर उठने के बाद रेलवे सेवा के आधिकारिक खाते से जवाब दिया गया। रेलवे ने बताया कि शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए डीआरएम रतलाम के पास भेज दिया गया है। इसके बाद डीआरएम रतलाम ने संबंधित अधिकारी को मामले को देखने के निर्देश दिए।

संबंधित अधिकारी की ओर से भी शिकायत पर संज्ञान लेने और सुधारात्मक कार्रवाई शुरू करने की जानकारी दी गई। हालांकि, इस घटना ने ट्रेन की शुरुआती स्टेशन पर ही सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्री ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि इंदौर से रवाना होने वाली ट्रेन में सीट के नीचे कचरा पड़ा रहा और सफाई के दौरान इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

शिकायत के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर सवाल

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यात्री को गंदगी मिलने के बाद शिकायत दर्ज कराने के लिए कई माध्यमों का सहारा लेना पड़ा। हेल्पलाइन पर शिकायत के बावजूद तत्काल समाधान नहीं मिला और रेलमदद ऐप पर भी उस समय शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। रेलवे की ओर से शिकायत आगे भेजे जाने और सुधारात्मक कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है, लेकिन घटना ने यात्रियों को मिलने वाली सफाई सेवाओं की निगरानी पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button