उत्तराखंडराज्य

मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए योगी आदित्यनाथ! पार्थिव शरीर को कंधा देते छलक पड़े आंसू, पंचूर में दी गई अंतिम श्रद्धांजलि

पंचूर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार से पहले भावुक नजर आए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और उनकी तस्वीर पर पुष्पमाला अर्पित कर अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

मां के निधन पर सोशल मीडिया पर जताया था दुख

मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त संदेश साझा किया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था, “मां… ओम शांति।” सावित्री देवी के निधन की खबर से पंचूर गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर फैल गई।

सीएम धामी और आजम खान ने जताई संवेदना

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जिस तरह व्यक्तिगत क्षति के बावजूद समाज की सेवा में जुटे हुए हैं, वह उनके समर्पण को दर्शाता है। धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने भी मुख्यमंत्री योगी के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ के साथ हैं और ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर शोक व्यक्त किया था। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी दिवंगत आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए प्रार्थना की। उन्होंने सावित्री देवी के संस्कारों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे पुत्र को जन्म दिया, जिसने कई बार सांसद और दो बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनकर सेवा की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद बच्चों को दिए गए संस्कारों के रूप में हमेशा जीवित रहता है।

भाजपा की बैठक में रखा गया दो मिनट का मौन

सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित महिला मोर्चा प्रदेश प्रवास बैठक में दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button