उत्तर प्रदेशबदायूँराज्य

ककोड़ा मेले में डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव व उपचार के दिए संदेश

मेले का आकर्षण बना ओआरएस कॉर्नर, बतायी प्रयोग की सही विधि
पीएसआई इंडिया व केनव्यू के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग की पहल

बदायूं : जनपद के कादरचौक ब्लॉक में आयोजित ककोड़ा मेला (मिनी कुंभ) में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पीएसआई इंडिया एवं केनव्यू के सहयोग से ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत विशेष ओआरएस कॉर्नर स्थापित किया गया है। इसका शुभारंभ सोमवार को केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र कुमार गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव एवं कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तहसीन ने संयुक्त रूप से किया।

ओआरएस कॉर्नर को डायरिया जागरूकता संबंधी पोस्टर-बैनर और सेल्फी प्वाइंट से आकर्षक तरीके से सजाया गया है। मेले में आए श्रद्धालुओं एवं आमजन को ओआरएस पैकेट, जिंक की गोलियां और जागरूकता पम्पलेट वितरित कर उनके सही उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अलावा लोगों को डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव व उपचार के जरूरी संदेश दिए गए। कार्यवाहक सीएमओ ने कहा कि डायरिया की समय पर पहचान, ओआरएस एवं जिंक के सही उपयोग से गंभीर स्थिति से बचाव संभव है। बच्चों को दस्त होने पर तुरंत ओआरएस देने और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए ले जाने की अपील की गयी।

पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि शशांक दुबे ने बताया कि मेले के समापन तक ओआरएस कॉर्नर के माध्यम से निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक डायरिया की रोकथाम, स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और समय पर उपचार का संदेश पहुंचाना है। इस अभियान के माध्यम से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं समुदाय को डायरिया से बचाव और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button