
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। जिले के तीन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर कुल छह पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की।
रोहित कुमार ने दो स्पर्धाओं में बनाए रिकॉर्ड
12 से 15 नवंबर 2026 तक भोपाल में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के पैरा तैराकों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ की टीम की ओर से जीपीएम जिले के रोहित कुमार, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश की।
रोहित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में शानदार समय दर्ज कर रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि से जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
जन्तराम और मोहनी ने भी जीते कांस्य पदक
प्रतियोगिता में जन्तराम पनिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं, मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक जीतकर जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। तीनों खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले में पैरा खेलों को लेकर उत्साह का माहौल है।
कलेक्टर ने पदक विजेताओं को दी बधाई
राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद तीनों पदक विजेता खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छह पदकों से जिले में खुशी का माहौल
राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में छह पदक जीतकर इन खिलाड़ियों ने साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है। उनकी सफलता जिले के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी है।



