
पटना: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में दो नाबालिग बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेम्भुआपुर गांव में सोमवार सुबह दोनों बच्चियों के शव उनके घर से बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में मृतक बच्चियों के पिता को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान अंजलि कुमारी (13) और जूली कुमारी (12) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में ग्रामीणों ने दोनों बच्चियों की मौत करंट लगने से होने की सूचना दी थी, लेकिन जांच के दौरान मामला संदिग्ध पाया गया। पुलिस को आशंका है कि दोनों बहनों की मौत जहर दिए जाने से हुई हो सकती है।
डुमरियाघाट थाने के प्रभारी विवेक कुमार बलेन्दु ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय बच्चियों की मां घर पर मौजूद नहीं थी, जबकि उनके पिता संतोष राय को हिरासत में लिया गया। मामले में बच्चियों के नाना की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें पिता समेत परिवार के छह अन्य सदस्यों को नामजद किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात दोनों बच्चियों ने अपनी मां के साथ एक कमरे में खाना खाया था और इसके बाद सोने चली गई थीं। उनकी छोटी बहन दादी के साथ सोई थी, जबकि बड़ा भाई अपने ननिहाल में था।
पिता ने पुलिस को बताई यह बात
पूछताछ के दौरान संतोष राय ने पुलिस को बताया कि वह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने गया था। उसने बताया कि सुबह घर लौटने पर उसने दोनों बेटियों को मृत पाया।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



