दिल्लीराज्य

सौरभ दास को देना होगा दस्तावेजों का हिसाब, नहीं साबित कर पाए तो जब्त हो सकता है पासपोर्ट

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरभ दास की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पासपोर्ट से जुड़े दस्तावेजों में कथित अंतर को लेकर चेन्नई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अब सौरभ दास को दस्तावेजों के जरिए यह साबित करना होगा कि पासपोर्ट हासिल करने के दौरान दी गई जानकारी सही थी। ऐसा नहीं होने पर उनका पासपोर्ट जब्त किया जा सकता है।

जन्मस्थान और दस्तावेजों में अंतर को लेकर हुई शिकायतें

सूत्रों के अनुसार, सौरभ दास के आधार कार्ड, पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों में कुछ जानकारियों को लेकर शिकायतें की गई हैं। इनमें जन्मस्थान, जन्मतिथि और पिता के नाम से जुड़ी जानकारी में अंतर होने का दावा किया गया है।

इन शिकायतों के बाद आरपीओ ने दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया शुरू की है। जांच पूरी होने तक सौरभ दास विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे।

आरपीओ ने पूछा- पासपोर्ट जब्त क्यों न किया जाए

नियमों के अनुसार, पासपोर्ट जारी होने के बाद भी यदि किसी व्यक्ति की ओर से दी गई जानकारी में गड़बड़ी या गलत तथ्य सामने आते हैं तो पासपोर्ट कार्यालय दोबारा सत्यापन करा सकता है।

ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाता है। व्यक्ति को अपने दस्तावेजों के साथ यह साबित करना होता है कि उसने पासपोर्ट के लिए सही जानकारी उपलब्ध कराई थी।

सात दिन में देना होगा जवाब

सौरभ दास को जारी नोटिस में उन्हें सात दिन के भीतर दस्तावेजों के साथ जवाब देने को कहा गया है। उन्हें यह साबित करना होगा कि उन्होंने जो जन्मस्थान और अन्य जानकारियां दी थीं, वे सही हैं।

यदि वह अपनी जानकारी को प्रमाणित नहीं कर पाते हैं तो पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 10 के तहत उनके पासपोर्ट को जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि जवाब दाखिल होने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

नोटिस मिलने के बाद एयरपोर्ट पहुंचने पर उठे सवाल

इस मामले में यह भी सवाल उठ रहा है कि नोटिस मिलने के बाद सौरभ दास एयरपोर्ट क्यों पहुंचे। आलोचकों का कहना है कि वह इस पूरे मामले को मुद्दा बनाने के लिए एयरपोर्ट गए।

हालांकि, सौरभ दास ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह एयरपोर्ट के लिए निकल चुके थे और ईमेल नहीं देख पाए थे। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर ही उन्हें पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी दी गई और ईमेल चेक करने के लिए कहा गया।

30 नवंबर तक देना होगा जवाब

सौरभ दास के पास अपना पक्ष रखने के लिए 30 नवंबर तक का समय है। उन्हें आरपीओ में दस्तावेजों के साथ जवाब दाखिल कर यह साबित करना होगा कि वर्ष 2019 में पासपोर्ट के लिए दी गई सभी जानकारियां सही थीं।

यदि वह दस्तावेजों के जरिए अपनी जानकारी सही साबित कर देते हैं तो पासपोर्ट का इस्तेमाल दोबारा किया जा सकेगा। वहीं, अगर जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो पासपोर्ट जब्ती की कार्रवाई हो सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, सौरभ दास के जन्मस्थान, जन्मतिथि, पते और पिता के नाम को लेकर हाल के दिनों में कई शिकायतें की गई हैं। इसके अलावा मद्रास हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका भी दाखिल की गई है, जिसमें उनकी नागरिकता की जांच की मांग की गई है।

Related Articles

Back to top button