देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जनकल्याण से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इसके तहत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाई जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या भी 32 से बढ़ाकर 50 करने का निर्णय लिया गया है। इनमें प्रदेश के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।
न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक बढ़ेगी पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।
विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये कर दी गई है। वहीं संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 1,000, 800 और 600 रुपये की गई है।
राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाएगा।
ओवरऑल विजेता जिले को मिलेगा 10 लाख रुपये का मुख्यमंत्री कप
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी बढ़ाने की मंजूरी दी है। अब यह राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जाएगी। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और आयोजन के लिए कुल धनराशि में भी आवश्यक वृद्धि करने का अनुमोदन दिया गया है। इस बार प्रदेश के पारंपरिक खेलों को भी प्रतियोगिता का हिस्सा बनाया जाएगा।
हर ग्राम पंचायत में गठित होगा मुख्यमंत्री खेल क्लब
प्रदेश में खेल गतिविधियों को गांव स्तर तक बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
पीआरडी जवानों के मानदेय पर समिति करेगी विचार
प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को होमगार्ड जवानों की तरह मानदेय दिए जाने के प्रस्ताव पर भी मुख्यमंत्री ने सहमति दी है। इसके लिए समिति गठित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।
सफाई कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव मंजूर
प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
चम्पावत में मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये स्वीकृत
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला स्थित श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये यानी एक करोड़ नौ लाख अठासी हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत करने को मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है।




