बिहारराज्य

थाने के शौचालय में युवक ने लगाई फांसी, प्रेम-प्रसंग मामले में था आरोपी; परिवार ने लगाया हत्या का आरोप, 5 पुलिसकर्मी निलंबित

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस अभिरक्षा में एक युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। प्रेम-प्रसंग के मामले में आरोपी बनाए गए 26 वर्षीय अनमोल कुमार ने सौरबाजार थाना परिसर के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में कार्रवाई शुरू हो गई है। सौरबाजार थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मृतक के परिवार ने पुलिस और महिला पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

प्रेम-प्रसंग मामले में थाने लाया गया था युवक

जानकारी के अनुसार, सौरबाजार थाना क्षेत्र के कचरा गांव वार्ड-9 निवासी विजय शर्मा का बेटा अनमोल कुमार एक प्रेम-प्रसंग मामले में आरोपी था। मृतक की पत्नी रीना देवी के अनुसार, गांव की एक शादीशुदा महिला अनमोल के साथ चली गई थी। इसके बाद महिला के पिता ने 21 नवंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

परिजनों ने बताया कि 22 नवंबर को अनमोल और उसके साथ गई महिला को पुलिस के हवाले किया गया था। इसके बाद 24 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे अनमोल ने थाने के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

एसपी ने दिए जांच के आदेश, पांच पुलिसकर्मी निलंबित

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग समेत कई पुलिस अधिकारी सौरबाजार थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने मामले की जांच के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया है।

एसपी ने सौरबाजार थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

परिवार ने पुलिस और महिला पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के परिवार ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। परिजनों का आरोप है कि अनमोल की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस और महिला के परिवार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

अनमोल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी करीब एक साल पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी रीना देवी छह माह की गर्भवती है।

जांच के बाद सामने आएगी घटना की पूरी सच्चाई

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अब विशेष टीम की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button