बिहारराज्य

अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा सियासी जमावड़ा, ललन सिंह और बृजभूषण पहुंचे नदावां; एक लाख से ज्यादा मेहमान जुटे

पटना: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव नदावां में मेहमानों का पहुंचना शुरू हो गया है। शादी समारोह में राजनीतिक हस्तियों से लेकर बड़ी संख्या में समर्थक और रिश्तेदार शामिल हो रहे हैं। जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह और नवादा सांसद विवेक ठाकुर नदावां पहुंच चुके हैं। समारोह स्थल पर अब तक एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की बात सामने आई है।

ललन सिंह पहुंचे तो लगे नारे, मीडिया से नहीं की बातचीत

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सड़क मार्ग से नदावां पहुंचे। उनके पहुंचते ही समर्थकों ने ललन सिंह जिंदाबाद के नारे लगाए। हालांकि, मीडिया कर्मियों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

शिवांगी के फलदान कार्यक्रम में जदयू की ओर से कोई बड़ा नेता शामिल नहीं हुआ था, जबकि भाजपा से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह समेत कई नेता पहुंचे थे। इसके बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि शादी समारोह में जदयू की ओर से कौन-कौन नेता पहुंचेंगे।

बृजभूषण सिंह हेलीकॉप्टर से पहुंचे, देखने उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह हेलीकॉप्टर से नदावां पहुंचे। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। उन्होंने बताया कि वह अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने आए हैं और कार्यक्रम के बाद गोरखपुर में एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होने जाना है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या अनंत सिंह की ओर से उनके लिए हेलीकॉप्टर भेजा गया है, तो उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर हमारा है, लेकिन समझिए उनका ही है। वहीं, उत्तर प्रदेश चुनाव से जुड़े सवालों पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

चार लाख मेहमानों के खाने की तैयारी, 150 से ज्यादा व्यंजन

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को लेकर गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। समारोह में चार लाख से अधिक मेहमानों के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। शादी के मौके पर घुड़दौड़ का भी आयोजन किया गया है।

शादी समारोह में अनंत सिंह के समर्थकों और रिश्तेदारों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। नेताओं और खास मेहमानों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

विवेक ठाकुर भी पहुंचे, अनंत सिंह ने किया स्वागत

नवादा सांसद विवेक ठाकुर भी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह को आशीर्वाद देने नदावां पहुंचे। अनंत सिंह ने उनका स्वागत किया। विवेक ठाकुर ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की और तस्वीरें भी पोस्ट कीं।

जदयू नेताओं की मौजूदगी को लेकर रही चर्चा

शादी समारोह में जदयू नेताओं की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा रही। खासतौर पर अनंत सिंह और अशोक चौधरी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। दोनों को अनंत सिंह का करीबी माना जाता है।

इस चर्चा की वजह यह भी है कि एमएलसी चुनाव में पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करने के बाद अनंत सिंह को जदयू से निष्कासित कर दिया गया था। ऐसे में शादी समारोह में जदयू नेताओं की उपस्थिति को लेकर लोगों की नजरें बनी हुई थीं।

Related Articles

Back to top button