झारखण्डराज्य

SIR पर झारखंड विधानसभा में गरमाई सियासत, विशेष सत्र में सरकार ने पेश किया बड़ा प्रस्ताव

रांची: झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार को शुरू हुआ, जहां संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजकीय संकल्प पेश किया। प्रस्ताव में एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने पर चिंता जताई गई। सरकार का कहना है कि तकनीकी और प्रक्रियागत खामियों के कारण कई वैध मतदाताओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

एसआईआर प्रक्रिया पर सरकार ने जताई चिंता

राजकीय संकल्प में कहा गया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कई वैध मतदाताओं को दस्तावेजों की मांग, प्रक्रिया की जटिलता और तकनीकी खामियों के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रस्ताव के अनुसार, कई मामलों में केवल नाम की वर्तनी में मामूली अंतर होने पर भी वैध मतदाताओं को संदेहास्पद सूची में शामिल कर दिया गया है। जनप्रतिनिधियों की ओर से भी लगातार इन समस्याओं की जानकारी राज्य सरकार को दी जा रही है।

प्रारूप मतदाता सूची से करीब 16 प्रतिशत नाम हटने पर चिंता

राजकीय संकल्प के अनुसार झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं। एसआईआर के पहले चरण के बाद प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए। यानी करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से बाहर हो गए। सरकार ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में नाम हटने से मतदाताओं के मताधिकार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

करीब 27 प्रतिशत मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस

संकल्प में कहा गया कि प्रारूप मतदाता सूची में शामिल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से करीब 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों से जुड़े बताए गए हैं। माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र में अंतर और उत्तराधिकारियों की संख्या जैसी विसंगतियों के आधार पर नोटिस जारी किए गए हैं। सरकार का कहना है कि इन कारणों से वैध मतदाताओं को भी दस्तावेज जुटाने और प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं पर उठे सवाल

राजकीय संकल्प में यह भी कहा गया कि राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं या फिर उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। सरकार के अनुसार लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि एसआईआर की प्रक्रिया में तकनीकी और प्रक्रियागत कमियों के कारण आम मतदाता प्रभावित हो रहे हैं।

वैध मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा पर दिया गया जोर

राजकीय संकल्प के माध्यम से सरकार ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान वैध मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही परेशानियों पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रस्ताव में कहा गया कि मतदाताओं को अनावश्यक कठिनाइयों से बचाने के लिए प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सुगम बनाए जाने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button