उत्तराखंड

पौड़ी में मौत बनकर आई तेज रफ्तार, गहरी खाई में गिरी गाड़ी… 6 महिलाओं समेत 7 की मौत

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। रिखणीखाल थाना क्षेत्र में कलवाड़ी बैण्ड के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में जान गंवाने वालों में छह महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। दुर्घटना में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

हादसा रिखणीखाल से आगे कलवाड़ी बैण्ड के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन सिद्धखाल-भगलवाण गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बैणी-भुली योजना के आवेदन भरकर लौट रहे थे लोग

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार वाहन नंबर UK-15-TA-2152 है। इसमें सवार लोग बैणी-भुली योजना के आवेदन भरकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कलवाड़ी बैण्ड के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

रेस्क्यू अभियान जारी, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जा रहा है, जहां उनका उपचार किया जाएगा। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं।

फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

Related Articles

Back to top button