देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है।
सीएम धामी ने गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।




