
विद्यार्थियों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए किया प्रेरित
योग, प्राकृतिक चिकित्सा और नेत्र स्वास्थ्य के संदेश के साथ मनाया गया 9वां प्राकृतिक चिकित्सा दिवस
लखनऊ : 9वें प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर “प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत” थीम तथा राष्ट्रीय “नशा मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत खुशी फाउंडेशन, लखनऊ द्वारा इंटर कॉलेज विद्यालय, तोपखाना, लखनऊ में स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग, प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्ति तथा नेत्र स्वास्थ्य एवं दृष्टि संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम 18 से 30 नवम्बर 2026 तक आयोजित देशव्यापी जागरूकता अभियान का हिस्सा है, जिसे सूर्य फाउंडेशन एवं इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन (INO) द्वारा राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (NIN), CCRYN तथा भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में योग गुरु कृष्ण दत्त मिश्रा ने योग, मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य, आत्म-अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विद्यार्थियों को प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में डॉ. उज्ज्वला पांडेय, Cataract एवं Cornea Specialist, Centre for Sight Eye Hospital, Lucknow ने विशेष नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया। उन्होंने आंखों की सामान्य देखभाल, दृष्टि संरक्षण, डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले Digital Eye Strain, बच्चों एवं किशोरों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान तथा समय पर नेत्र परीक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आंखों के स्वास्थ्य के लिए स्वस्थ डिजिटल आदतें अपनाने एवं नियमित नेत्र परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सेण्टर फॉर सिघ्त ऑय हॉस्पिटल, लखनऊ से राहुल तिवारी ने भी सहभागिता की और नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में मैक्स अस्पताल से आशीष शर्मा की सहभागिता भी रही एवं उनके द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं समाज में स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित करने पर बल दिया गया। डॉ. ए.के. द्विवेदी, मानद सलाहकार, खुशी फाउंडेशन ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम बच्चों एवं किशोरों में स्वस्थ आदतों, निवारक स्वास्थ्य देखभाल, योग, नशामुक्त जीवन एवं स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिक्षा को जनआंदोलन के रूप में विकसित करने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों एवं समुदाय के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने, शारीरिक गतिविधियों, योग, संतुलित जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। खुशी फाउंडेशन द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालयों एवं समुदायों में स्वास्थ्य शिक्षा, निवारक स्वास्थ्य देखभाल, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, नशामुक्ति तथा विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में खुशी फाउंडेशन ने सभी विशेषज्ञों, अतिथियों, सहभागी संस्थानों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



