
चंडीगढ़: पंजाब के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए सोमवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में आज महंगाई भत्ता (डीए) और एरियर से जुड़े मामले पर अहम सुनवाई होने जा रही है। इस मामले में अदालत का फैसला राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलने वाले वित्तीय लाभों पर सीधा प्रभाव डाल सकता है।
आज होगी अहम सुनवाई
इस मामले की पिछली सुनवाई के दौरान करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गई थीं, लेकिन बहस पूरी नहीं हो सकी थी। इसके बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 7 जुलाई के लिए निर्धारित की थी। आज कर्मचारियों की ओर से अपना पक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद अदालत फैसला सुना सकती है।
सिंगल बेंच दे चुकी है कर्मचारियों के पक्ष में आदेश
इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की सिंगल बेंच राज्य सरकार को निर्देश दे चुकी है कि पंजाब के कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता दिया जाए। इस आदेश को कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत माना गया था।
पंजाब सरकार ने फैसले को दी चुनौती
सिंगल बेंच के आदेश के खिलाफ पंजाब सरकार ने डबल बेंच का दरवाजा खटखटाया है। अब इसी अपील पर आज डबल बेंच में सुनवाई होनी है। अदालत के फैसले से यह स्पष्ट होगा कि राज्य सरकार को कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता और उससे जुड़े लाभ देने होंगे या नहीं।
लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों की नजरें हाईकोर्ट पर
राज्यभर के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों की निगाहें आज की सुनवाई पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि अदालत का निर्णय महंगाई भत्ते, एरियर और अन्य वित्तीय लाभों से जुड़े मामलों पर महत्वपूर्ण असर डाल सकता है।



