
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक व्यक्ति की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने पूछताछ में हत्या की वारदात कबूल कर ली है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कापड़ीवास निवासी सुखबीर और राजस्थान के मांढन निवासी मुकेश के रूप में हुई है। वहीं मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
सड़क पर खून से लथपथ मिला था घायल
शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी संजीव बल्हारा ने बताया कि 24 जून की सुबह रेलवे चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे होमगार्ड प्रीतम ने सूचना दी थी कि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में सक्सेना नर्सिंग होम की तरफ से पैदल आ रहा था। सैनी टी-स्टॉल के पास पहुंचते ही वह सड़क पर गिर पड़ा।
घायल के कपड़ों पर खून लगा हुआ था और उसके पेट व छाती पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव थे। वह अत्यधिक नशे में होने के कारण कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था। अस्पताल ले जाने की तैयारी के बीच ही उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से खुली हत्या की गुत्थी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक के साथ दो युवक दिखाई दिए। जांच आगे बढ़ने पर उनकी पहचान सुखबीर और मुकेश के रूप में हुई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
एक पेग को लेकर शुरू हुआ विवाद
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे तीनों रेलवे स्टेशन के आसपास रहते थे और अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। मंगलवार-बुधवार की रात शराब पार्टी के दौरान मृतक ने उनका पेग उठाकर पी लिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर दोनों आरोपियों ने चाकू से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद जब वह बेहोश हो गया तो दोनों मौके से फरार हो गए।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। सुखबीर के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और चोरी समेत चार मामले दर्ज हैं। वहीं मुकेश पर चोरी और शराब तस्करी सहित 11 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
हथियार बरामदगी के लिए रिमांड पर लेगी पुलिस
पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसी हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल करेगी। वहीं मृतक की पहचान के लिए भी प्रयास जारी हैं।


